डबवाली नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब (इंडिया)…
फाल्गुन महोत्सव में बिखरा राष्ट्रीय एकता का रंग, आठ राज्यों के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
डबवाली
नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब द्वारा गुरु नानक कॉलेज किलियांवाली के सहयोग तथा उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के तत्वावधान में आयोजित नृत्य कलाओं पर आधारित फाल्गुन महोत्सव का भव्य आयोजन गुरु नानक कॉलेज किलियांवाली के प्रांगण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में एलुमनाई एसोसिएशन गुरु नानक कॉलेज का भी विशेष सहयोग रहा। रंगों और लोक संस्कृतियों से सजे इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण फाल्गुनी उमंग में रंग गया।

समारोह का शुभारंभ शशि प्रभा अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि में पवन सोनी, नितिन गर्ग, एसएस जौडॉ, प्रिंसिपल कमलप्रीत कौर,नीरज जिंदल, प्रिंसिपल सुरिंदर ठाकुर भी मौजूद रहे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में देश के आठ राज्यों के कलाकारों ने अपनी लोक कला और संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में हरियाणा के फाग व घूमर, उत्तर प्रदेश के बरसाना की होली, हिमाचल प्रदेश की सिरमौरी नाटी, कश्मीर का बच नगमा व रूफ, पंजाब का भांगड़ा, गुजरात का डांडिया व गरबा, झारखंड का पुरुलिया छाऊ तथा राजस्थान का प्रसिद्ध भवाई लोक नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन विविध रंगों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की समृद्धता और विविधता का सुंदर चित्र प्रस्तुत कर अतुल्य भारत की विशाल संस्कृति के दर्शन करवा के अनेकता में एकता का संदेश दिया।इससे पहले प्रकल्प प्रमुख जतिंद्र शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों व अन्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारत की समृद्ध लोक संस्कृति से जोड़ना है, ताकि नई पीढ़ी लोक कथाओं, लोक संगीत, लोक वाद्यों और लोक नृत्यों को करीब से समझ सके। प्रसिद्ध एंकर संजीव शाद ने अपनी शायरी व मोटिवेशनल बातों से कार्यक्रम को बांध के रखा। सह निर्देशक जरनैल सिंह ने कहा सेंटर का मुख उद्देश्य वर्तमान दौर में देश की गौरवशाली कला संस्कृति का प्रचार प्रसार करना है। इस संस्कृति यात्रा ने फाग महोत्सव के तहत श्री अमृतसर साहिब से शुरू होकर पठानकोट, फिरोजपुर, मोगा, बरनाला के बाद डबवाली से हरियाणा में प्रवेश किया है। 12 मार्च को जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में इसका समापन होगा। सैकड़ों कलाकारों ने हजारों दर्शकों के समक्ष कला रूपी इंद्रधनुष उतारा है। गुरुनानक कॉलेज व एलुमनाई एसोसिएशन की तरफ से आठों प्रदेशों की टीमों को सम्मानित किया गया जबकि क्लब की तरफ विशिष्ट अतिथियों को सम्मान चिन्ह दिए गए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायिका रजनी सागर ने अपनी मधुर आवाज और अनोखे अंदाज से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, जिससे यह सांस्कृतिक उत्सव और भी यादगार बन गया। क्लब की ओर से मंच संचालन नरेश शर्मा ने किया जबकि वरच्युस क्लब प्रधान हरदेव गोरखी व नीरज जिंदल ने अंत में सभी का धन्यवाद किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। गुरु नानक कॉलेज प्रबंधक समिति, प्रिंसिपल, स्टाफ, विद्यार्थियों तथा एलुमनाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों का भरपूर सहयोग इस आयोजन में देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रिंसिपल निर्मल सिंह, प्रिंसिपल दीपक मोंगा, पार्षद कृष्ण कामरा, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य जगतार सिंह मान, सविता सचदेवा, हैप्पी मोंगा, बीरचंद गुप्ता, तरसेम गर्ग, नरेश शर्मा, परमजीत कोचर, रमेश सेठी, मनोज शर्मा, सीए एमएल ग्रोवर, जीतू सेठी, प्रवीन ,भूषण गुप्ता, सुखविंदर चंदी, हरकीरत सिंह,जसवंत सिंह, ,वेद भारती, कुलदीप सिंह, गुरजोत रंधावा, उषा गोयल, डॉ सीमा जिंदल, रेखा गुप्ता, प्रिंस सिंगला, अमित बहल सहित गुरु नानक कॉलेज के स्टाफ सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज करवाई।


