डबवाली- हाल ही में पंजाब में आई भीषण बाढ़…
 
उधम सिंह का पूरा जीवन बलिदान और संघर्ष से भरा रहा: मनोज शर्मा
वरच्युस क्लब ने शहीद शिरोमणि उधम सिंह कंबोज को उनकी जयंती पर याद किया

नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब ने मंगलवार को शहीद शिरोमणि उधम सिंह कंबोज को उनकी जयंती पर याद किया। क्लब सदस्य प्रधान मनोज शर्मा के नेतृत्व में एकत्रित हुए व राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहुंचकर वहां स्थापित शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अन्य शहीदों की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया। इस मौके पर संबोधन में क्लब प्रधान मनोज शर्मा ने कहा कि भारत की भूमि ने लंबे समय तक गुलामी को सहन किया है। जिन जंजीरों को तोड़ने के लिए लाखों भारतीय वीर योद्धाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, शहीद उधम सिंह भी इन वीरों में से एक थे। उधम सिंह का पूरा जीवन बलिदान और संघर्ष से भरा रहा। उनकी जीवनी को पढ़ने के बाद आपको अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। वक्ताओं ने कहा कि शहीद उधम सिंह सहित देश के सभी अमर बलिदानियों की शहादत को देशवासी सदैव याद रखेंगे। मौके पर  सचिव रमेश सेठी, अनुशासन अधिकारी परमजीत कोचर, सुखविंदर चंदी, वेद कालड़ा, संजीव कंबोज, भजन लाल कंबोज, विजय कंबोज व कृष्ण लाल कंबोज आदि सदस्य मौजूद थे।

 
																	 
																	 
																	