skip to Main Content

उभरते लेखक रसदीप की पुस्तक ‘सुहिरद’ का लोकार्पण 17 मई को, वरच्युस क्लब द्वारा आयोजित किया जाएगा समारोह -कार्यक्रम में पुस्तक पर विशेष चर्चा के अलावा साहित्यिक रचनाओं एवं गीतों की प्रस्तुतियां होंगी

डबवाली
नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब(रजि.) द्वारा शहर के युवा लेखक रसदीप की प्रथम पुस्तक ‘सुहिरद’ का लोकार्पण समारोह रविवार, 17 मई को सुबह 10 बजे नव प्रगति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सभागार हाल में आयोजित किया जाएगा। ‘सुहिरद’ एक ऐसी पुस्तक है जिसमें रिश्तों की गर्माहट, प्रेम की खुशबू और इंसानियत के एहसासों को सुंदर शब्दों में समेटा गया है।


क्लब के पीआरओ भारत वधवा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लब का स्थायी प्रोजेक्ट ‘कला कुंज’ डबवाली इलाके में कला एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर कार्य कर रहा है और क्षेत्र की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। प्रत्येक माह किए जाने वाले आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला, साहित्य और हुनर को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि लेखक रसदीप कला कुंज के सक्रिय कलाकार हैं और यह पुस्तक उनकी 15 वर्षों की साहित्यिक यात्रा का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है।

पुस्तक विमोचन समारोह में सुप्रसिद्ध लेखक एवं साहित्यकार डॉ. बलराज सिंह पुस्तक पर विशेष चर्चा करेंगे। वहीं सुखम मनजीत, हरदीप ढिल्लो, लोक गायक वीर बसंत, बलकरण बल, वंदना वाणी, जसदीप गिल एवं गुरलीन कौर अपनी साहित्यिक रचनाओं एवं गीतों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे। कार्यक्रम में साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
आयोजन समिति की ओर से साहित्य प्रेमियों, बुद्धिजीवियों एवं क्षेत्रवासियों को इस विशेष अवसर का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन केवल पुस्तक लोकार्पण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शब्दों, भावनाओं और मानवीय मूल्यों को समर्पित साहित्यिक कार्यक्रम साबित होगा।
Virtuous Club India