skip to Main Content

वरच्युस क्लब द्वारा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल में विभिन्न सामाजिक विषयों को लेकर सेमिनार का आयोजन

वरच्युस क्लब द्वारा आज शुक्रवार को डबवाली के साथ लगते गांव किलियांवाली के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल के प्रांगण में विभिन्न सामाजिक विषयों को लेकर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इसके तहत क्लब पदाधिकारियों द्वारा स्कूल के बच्चों को स्वच्छता, पर्यावरण व अन्य अहम विषयों के बारे में बच्चों को जानकारी दी गई।
सबसे पहले स्कूल में पहुंचे वरच्युस क्लब पदाधिकारियों का स्कूली बच्चों के गुलमोहर नेशनल ग्रीन कार्पस इको क्लब के सदस्यों ने स्वागत किया। इस अवसर पर क्लब प्रधान मनोज शर्मा ने वरच्युस क्लब द्वारा किए जा रहे समाजसेवी कार्यों बारे विस्तार से बताया। वरिष्ठ सदस्य परमजीत कोचर ने बच्चों को बैंकिंग व शिक्षा ऋण के बारे में जानकारी दी। रंगकर्मी संजीव शाद ने नैतिक शिक्षा एवं सोशल मीडिया के बारे में बच्चा लोग कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया। स्कूल प्रिंसिपल स. अवतार सिंह ने बच्चों से कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, साहित्य व खेलों में भी रुचि ले ताकि सम्पूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण हो।
इस अवसर पर वरच्युस की और से स्कूल के इको क्लब को फूलदार पौधे भेंट किए गए। विद्यार्थियों ने स्कूल में सफाई बनाए रखने व पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया। प्रकल्प प्रमुख डा. बीर चंद गुप्ता ने बच्चों व अन्य सभी लोगों को क्लब के प्रकल्प पेड़ पौधा बैंक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बैंक में कोई भी व्यक्ति पौधे निशुल्क ले भी सकता है और दे भी सकता है। उन्होंने मंच संचालन करते हुए अपनी कविताओं से सभी का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर विजय बंसल, सुमित अनेजा, ज्ञानी ज्ञान सिंह, अश्विनी गुप्ता, प्रिंसिपल माही ग्रोवर, शम्मी, गुरविंदर सिंह, अमनदीप सिंह, राजपाल सिंह, स. स्वराज सिंह, मंगत राय सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।