skip to Main Content

खेल भावना और युवा प्रतिभाओं के जोश के बीच सजा तीसरा ‘वरच्युस टेबल टेनिस टूर्नामेंट’ -हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से लगभग 50 युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

डबवाली प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब इंडिया द्वारा वरच्युस भवन में डबवाली टेबल टेनिस अकादमी के सहयोग से तीसरे वरच्युस टेबल टेनिस टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से लगभग 50 युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष बात यह रही कि प्रतियोगिता में लड़कियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मास्टर नेशनल गेम्स, ऑल इंडिया गवर्नमेंट सर्विसेज गेम्स एवं एशियन गेम्स में पदक विजेता डबवाली के गौरव राकेश शर्मा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैचों का उद्घाटन किया और कहा कि जीवन में सबसे बड़ा धन स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच है। खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का भी विकास करते हैं।

इस अवसर पर क्लब की प्रबंधक समिति एवं सदस्यों द्वारा राकेश शर्मा को खेल क्षेत्र में उनके प्रेरणादायक योगदान के लिए ‘वरच्युस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं, युवाओं में खेलों के प्रति रुचि जागृत करने और उन्हें सही दिशा देने के लिए टेबल टेनिस अकादमी के कोच पुनीत सिंगला को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

टेबल टेनिस टूर्नामेंट के प्रोजेक्ट चेयरमैन नरेश शर्मा एवं हरदेव गोरखी ने कहा कि वरच्युस क्लब इंडिया हमेशा कला, साहित्य, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में समाजहित में कार्य करता रहा है। इसी कड़ी में युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि संस्थापक केशव शर्मा के मार्गदर्शन तथा मुख्य सलाहकार स्व. आत्माराम अरोड़ा की प्रेरणा से क्लब भविष्य में भी मानवता और समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

क्लब प्रधान डॉ. बीर चंद गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि हम अपने बच्चों के हुनर को पहचानें और उन्हें उड़ान दें, क्योंकि भविष्य में यही उनके व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विशेष रूप से बच्चों के मनोविज्ञान एवं उनकी स्वस्थ जीवनशैली पर कार्य करेगा, ताकि ताकि युवा पीढ़ी का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

क्लब के पीआरओ भारत भूषण वधवा ने बताया कि मंडी डबवाली के युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह तीसरी वार्षिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। उन्होंने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब की नई टीम खेल, कला, साहित्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और योग के क्षेत्र में और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करेगी।

कार्यक्रम का मंच संचालन सोनू बजाज ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि शुभदीप ने रेफरी की भूमिका निभाते हुए प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

इस अवसर पर परमजीत कोचर, सुमित अनेजा,मनोहर ग्रोवर, प्रणव ग्रोवर,मनोज शर्मा, हरदेव गोरखी, वेद कालड़ा, संतोष शर्मा, संजीव शाद, अमित मेहता, ज्ञानी ज्ञान सिंह, राजीव शर्मा, नीरज जिंदल, वेद भारती, तिलक राज शर्मा, राजीव अरोड़ा, रमेश सेठी, लवलीन नागपाल, एथलेटिक कोच वेन डी, अशोक पाहुजा, आकाश चौधरी, लवदीप सिंह, जय सिंह सहित अनेक खेल प्रेमी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस प्रकार रहे प्रतियोगिता के परिणाम:

अंडर-17 लड़के वर्ग में भिवोर (संगरिया) प्रथम तथा हेमंत (संगरिया) द्वितीय स्थान पर रहे। ओपन वर्ग (लड़के) में भविष्य (डबवाली) ने प्रथम तथा भिवोर (संगरिया) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 लड़कियों में रिद्धिमा (संगरिया) प्रथम तथा हिना (डबवाली) द्वितीय स्थान पर रहीं।

ओपन वर्ग (लड़कियां) में रिद्धिमा ने प्रथम तथा नवरीत (डबवाली) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। निहार एवं अधिराज को सांत्वना पुरस्कार तथा अंपायर रहीं शुभदीप कौर को सम्मान चिन्ह प्रदान किए गए। विभिन्न मुकाबलों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ियों को समाजसेवी विजयंत शर्मा द्वारा क्लब की ओर से सम्मानित किया गया।