डबवाली नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब द्वारा…
यादगार बन गई सुर, साज़ और सूफियाना रंगों से सजी महफिल ‘सदा-ए-दिल’
डबवाली
नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब (इंडिया) एवं एलुमनी एसोसिएशन, गुरुनानक कॉलेज किलियांवाली द्वारा नार्थ जोन कल्चरल सेंटर पटियाला के तत्वावधान में फाल्गुन की मस्ती के बीच संगीतमयी महफिल ‘सदा-ए- दिल’ का भव्य आयोजन गुरुनानक कॉलेज किलियांवाली के ऑडिटोरियम में किया गया।

इस सुरीली संध्या में लोक चेतना, सूफियाना रंग और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध सूफी गायक डॉ अमनदीप सिंह ने अपनी रूहानी आवाज़ से ‘मां धरतीये’ एवं शिव कुमार बटालवी की अमर रचनाएं और सूफी संत बुल्ले शाह के कलाम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ अमनदीप की प्रस्तुतियों पर सभागार हॉल देर तक तालियों और वाह-वाह की गूंज से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी अजनीश धारणिया केनेडी एवं मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। रंगकर्मी संजीव शाद ने डॉ अमनदीप का परिचय प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत किया। इस मौके पर अजनीश धारणिया व सतीश जग्गा ने आयोजन की खूब सराहना की। नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर पटियाला के सह निदेशक रविन्द्र शर्मा ने कहा कि आज की यह महफिल ‘सदा-ए-दिलÓ केवल एक संगीत संध्या नहीं, बल्कि डबवाली इलाके में सांस्कृतिक जागृति का प्रतीक है।
कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि डबवाली सांस्कृतिक गतिविधियों की धरती है, जहां सुर और संवेदनाएं मिलकर सामाजिक एकता का संदेश देती हैं। मंच संचालन परमजीत कोचर ने किया। कार्यक्रम में गुरुनानक कॉलेज के ही विद्यार्थी रहे सतीश जग्गा को समाजसेवा क्षेत्र व राकेश शर्मा पटवारी को खेल क्षेत्र में अहम योगदान के लिए विशेष तौर पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण युवा चित्रकार शिवम कुमार द्वारा मंच पर की गई लाइव पेंटिंग रही। उसने डॉ अमनदीप सिंह की तस्वीर को खूबसूरत रंगों से साकार कर दिया और खूब वाहवाही बटोरी। अंत में एलुमनी एसोसिएशन के प्रधान नीरज जिंदल ने सभी का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर क्लब प्रधान हरदेव गोरखी, गुरु नानक कॉलेज के प्रिंसिपल सुरेंद्र ठाकुर, बी.एड. कॉलेज की प्रिंसिपल पूनम गुप्ता, रमेश सेठी, तरसेम गर्ग, जितेंद्र सेठी, सोनू बजाज, नरेश शर्मा, वीरचंद गुप्ता, ज्ञानी ज्ञान सिंह, संतोष शर्मा, वेद भारती, मनीष गुप्ता, मुकेश कामरा, जसपाल ढंडाल, प्रिंसिपल लक्ष्मण दास, खुशी मोहम्मद, पार्षद सुनील जिंदल, कृष्ण कामरा, डॉ. निर्मल सिंह, लवलीन नागपाल, नवीन नागपाल, नितिन गर्ग, सीए मनोहर लाल ग्रोवर, सुरजीत बरजोत, सुभाष अरोड़ा, भूपेंद्र पन्नीवालिया, छिंदा पन्नीवाला के अलावा गुरुनानक कॉलेज प्रबंधक समिति सदस्य, स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

