क्लब के प्रधान एवं प्रोजेक्ट चैयरमेन डाक्टर बीर चंद…
तीन पेड़-तीन माताओं ‘जगजननी, जन्मदात्री और धरती मां’ के नाम -वरच्युस क्लब ने ‘पेड़-पौधा बैंक’ प्रकल्प के तहत गांव मांगेआना के राजकीय विद्यालय में चलाया पौधारोपण अभियान
डबवाली।
बढ़ते तापमान, घटते वन क्षेत्र और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में वरच्युस क्लब ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए पौधारोपण को सामाजिक और भावनात्मक जिम्मेदारी से जोड़ दिया है। क्लब के स्थायी पर्यावरण संरक्षण प्रकल्प ‘पेड़-पौधा बैंक’ के अंतर्गत वर्ष 2026 के दूसरे चरण का पौधारोपण अभियान गांव मांगेआना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को ‘तीन पेड़-तीन माताओं—जगजननी, जन्मदात्री और धरती मां’ के नाम लगाने का संकल्प दिलाया गया। अभियान के तहत विद्यालय परिसर में नीम, बरगद, सरू, मोरपंखी, पीला टैकोमा, गुड़हल, चंपा, मधुकामिनी,अमरूद,आम, जामुन ,पेंसिल लाइन सहित छायादार, फलदार, औषधीय एवं सजावटी किस्मों के 82 पौधे रोपित किए गए तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को सौंपी गई।
इस अवसर पर क्लब के प्रधान एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. बीर चंद गुप्ता ने विद्यार्थियों को तीन पेड़-तीन माताओं ‘जगजननी,जन्मदात्री,धरती मां’ के नाम का संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी प्रतिवर्ष कम से कम तीन पौधे लगाए और उन्हें अपने परिवार के तीन प्रियजनों के नाम समर्पित करते हुए वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसे वृक्ष बनने तक जीवित रखना है। वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, सिकुड़ते जंगल और लगातार बढ़ता तापमान मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं, इसलिए वृक्षारोपण अब केवल सामाजिक कार्य नहीं बल्कि भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है।
क्लब के वरिष्ठ सदस्य नरेश शर्मा ने कहा कि ‘पेड़-पौधा बैंक’ प्रकल्प केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित निगरानी और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से रोचक संवाद करते हुए नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सिविक सेंस का महत्व बताया तथा कहा कि एक जागरूक नागरिक वही है जो अपने आसपास की स्वच्छता, सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण की रक्षा को अपना कर्तव्य समझे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उदयवीर सिंह ने वरच्युस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में क्लब की यह पहल अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय परिवार लगाए गए सभी पौधों की पूरी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करेगा, ताकि आने वाले वर्षों में विद्यालय परिसर हरियाली की मिसाल बन सके।
क्लब के पीआरओ भारत वधवा ने बताया कि ‘पेड़-पौधा बैंक’ प्रकल्प पूरे वर्ष निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि ‘तीन पौधे-तीन नाम’ के संदेश के माध्यम से प्रत्येक परिवार, विद्यालय और युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है, ताकि वृक्षारोपण एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जन की आदत और सामाजिक जिम्मेदारी बन सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा उन्हें अपने घर, खेत, मोहल्ले और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन अध्यापक धर्मपाल खिंच्ची ने किया। इस अवसर पर क्लब सदस्य रमेश सेठी, तरसेम गर्ग, प्रणव ग्रोवर, संतोष शर्मा, मनोज शर्मा, ज्ञान सिंह, विद्यालय स्टाफ नसीब कौर, सोनिया, कुलविंद्र कौर, अमनदीप शर्मा, स्वीटी मोंगा, सीता, मक्खन सिंह, विनीत, राम सिंह, दलबीर सिंह, सुशीला, निशा, महेश, पूजा, प्रदीप कुमार, एसएमसी प्रधान जगसीर सिंह तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
Virtuous Club India
