डबवाली नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब द्वारा…
वरच्युस क्लब ने किया ‘गणित मेला-2025’ का भव्य आयोजन, युवा गणितज्ञों ने मॉडलों के जरिए सुलझाए गणित के पेचीदा सवाल
डबवाली नगर की प्रमुख संस्था वरच्युस क्लब द्वारा महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशाल गणित प्रदर्शनी व ओपन गणित क्विज का सफल आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए गणितीय मॉडल रहे, जिन्होंने कठिन लगने वाले गणितीय सिद्धांतों को बड़ी सहजता से दर्शकों के सामने पेश किया।

राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित इस मैथ फेस्टिवल में क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा गणितीय सूत्रों, मॉडल्स, खेलों तथा दैनिक जीवन में गणित के उपयोग को दर्शाती आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं। इसके साथ ही गणित से जुड़े विषयों पर चर्चा-परिचर्चा भी आयोजित की गई।

सबसे पहले विद्यालय प्राचार्य दीपक मोंगा ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संबोधन में मुख्य अतिथि उपमंडल शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण दास नाहर ने कहा कि गणित केवल अंकों का विषय नहीं, बल्कि तार्किक सोच, समस्या समाधान और नवाचार की आधारशिला है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे रामानुजन जैसे महान व्यक्तित्वों के जीवन प्रसंगों को शिक्षण से जोड़ें ताकि विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़े। प्रकल्प प्रमुख सोनू बजाज ने अंकों के जादूगर महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जीवन यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी विलक्षण प्रतिभा के बल पर विश्व को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक प्रकल्प बच्चों के बौद्धिक विकास, तार्किक सोच एवं गणित के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त गणित शिक्षक दर्शन लाल गोयल को एस. रामानुजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणित जीवन का सार है। यह डर का नहीं, बल्कि अभ्यास का विषय है और जीवन के हर कदम पर काम आता है।

विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए 35 मॉडल्स
निर्णायक मंडल में मनीष गुप्ता, डा. अवतार चंद एवं दीपक बांसल शामिल रहे। प्रतियोगिता में 70 स्कूली विद्यार्थियों ने 35 गणितीय मॉडल बनाकर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। क्लब सचिव नरेश शर्मा ने मंच संचालन करते हुए क्विज मास्टर की भूमिका निभाई और विद्यार्थियों के साथ रोचक प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार बालमंदिर स्कूल को मिला जबकि द्वितीय पुरस्कार राजकीय कन्या विद्यालय, डबवाली, तृतीय पुरस्कार मैरीलैंड कॉन्वेंट स्कूल व सांत्वना पुरस्कार इंडियन हेरिटेज स्कूल को दिया गया। प्रधान हरदेव गोरखी ने सभी का धन्यवाद किया। प्रकल्प प्रमुख प्रवीण बांडी की कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष भूमिका रही।

कार्यक्रम में चीफ कोऑर्डिनेटर संजीव शाद, प्रणव ग्रोवर, अजय छाबड़ा, खुशबू, जगसीर सिंह, मेघा रानी, पूजा रानी, मोनिका, नवनीत कौर, रुचि गोयल, सुमन देवी, नवजोत कौर, सुखदीप कौर, निधि मिढा, नैंसी रानी, मनीष कुमार, संजना गर्ग, किरण शर्मा, चंदन अरोड़ा, सुरजीत सिंह मान, परमजीत कोचर, रविंद्र पाल सिंह, वेद प्रकाश भारती,सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

