डबवाली नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब द्वारा…
नववर्ष पर वरच्युस क्लब ने दूध का लंगर लगाकर जन जागरण अभियान के तहत नशे के खिलाफ संदेश दिया
डबवाली
नगर की अग्रणी सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब की ओर से ‘नस्ल बचाओ- दूध से शक्ति, नशे से मुक्ति’ विषय पर दैनिक समाचार पत्र दैनिक जागरण के तत्वाधान एक विशेष जनजागरण प्रकल्प आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा।

अभियान का शुभारंभ वरिष्ठ नेता संदीप चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को तो नुकसान पहुंचाता ही है, साथ ही परिवार और समाज को भी अंदर से खोखला कर देता है। नववर्ष पर नशा मुक्ति का संकल्प लेना समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।

कार्यक्रम के दौरान वरच्युस क्लब के सदस्यों ने दूध का लंगर लगाते हुए आमजन को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने दूध, पौष्टिक आहार, खेलकूद और योग को जीवन में अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही नशे से दूर रहने का सबसे बड़ा माध्यम है। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूरी बनाकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएं तथा स्वयं को एक सशक्त और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करें। वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल कानून नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है।
कार्यक्रम में मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा प्रधान हरदेव गोरखी सहित अमित मेहता, परमजीत कोचर, डॉ बीर चंद गुप्ता संतोष शर्मा, प्रणव ग्रोवर, नरेश शर्मा, संजीव शाद, सोनू बजाज, कुलदीप सिंह, सुखविंदर चंदी, प्रवीण कुमार, जितेंद्र ‘जीतू’ , रुद्र बजाज, मनीष गुप्ता, राहुल धमीजा एवं पार्षद कृष्ण कामरा निराला विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने वरच्युस क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को जारी रखने का समर्थन किया।
