skip to Main Content

पंजाबी साहित्यकार रहे स्व. हरचंद सिंह खुशदिल की याद में 24 जनवरी को आयोजित होगा ‘खुशदिल लम्हात’

 

-वरच्युस क्लब एवं एलुमनाई एसोसिएशन गुरु नानक कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में होगा कार्यक्रम


डबवाली
शहर के प्रसिद्ध पंजाबी साहित्यकार रहे स्व. हरचंद सिंह खुशदिल की याद में वरच्युस क्लब एवं एलुमनाई एसोसिएशन गुरु नानक कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 24 जनवरी को कॉलेज के सांस्कृतिक हॉल में ‘खुशदिल लम्हात’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें हरचंद सिंह खुशदिल की गजलों, गीतों, रुबाइयों, कविताओं, कहानियों पर चर्चा-परिचर्चा की जाएगी और उनके द्वारा बनाई गई पेंटिग्स की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही काव्य गोष्ठी में कार्यक्रमों में पहुंच रहे कवियों व साहित्यकारों द्वारा हरचरण सिंह खुशदिल की रचनाएं भी सुनाई जाएंगी।
इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वरच्युस क्लब एवं एलुमनाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक वरच्युस भवन में हुई। इसमें एसोसिएशन प्रधान नीरज जिंदल ने कहा कि साहित्यिक रचनाएं समाज का दर्पण होती हैं और इन्हें लिखने वाले साहित्यकारों को समय-समय पर सम्मान देना हमारा दायित्व बनता है। क्लब प्रधान हरदेव गोरखी ने कहा कि स्व. हरचरण सिंह खुशदिल ने डबवाली शहर में रहकर उत्कृष्ट रचनाएं लिखी जोकि पंजाबी साहित्य के क्षेत्र में मील का पत्थर हैं। उनकी चित्रकारी बेमिसाल थी और उनकी बहुत सी रचनाएं समाज को प्रेरणा देने का काम करती हैं। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर ड्यूटियां तय की गई।
इस संबंध में वरच्युस क्लब के पीआरओ सोनू बजाज ने बताया कि गुरु नानक कॉलेज में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे आयोजित होने वाले ‘खुशदिल लम्हात’ कार्यक्रम में रिटायर्ड पीसीएस, साहित्यकार गोपाल सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं, स. हरचंद सिंह खुशदिल की रचनाओं का एक किताब के रूप में संग्रहित करने वाले उनके भतीजे, पूर्व सैशन जज स. जेएस खुशदिल विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत कर स्व. हरचंद सिंह खुशदिल के विभिन्न जीवन पहलुओं के बारे में बताएंगे। कार्यक्रम में मेहमान साहित्यकार के तौर पर पहुंच रहे डा. दिलबाग सिंह विर्क, छिंद्र कौर सिरसा, सुखम मनजीत द्वारा स्व. हरचंद सिंह खुशदिल की साहित्यिक रचनाओं रंगा ते शब्दा दा जादूगर, चांद की ओर, साडा लुटेया शहर भंबोर पर चर्चा-परिचर्चा की जाएगी। जबकि स्थानीय गायक जसदीप सिंह, रसदीप सिंह, वंदना वाणी एवं कॉलेज की पंजाबी विभाग प्रभारी डा. खुशनसीब गुरबख्शीश कौर द्वारा स्व. हरचंद सिंह खुशदिल द्वारा लिखे गीतों का गायन व अन्य रचनाओं का पठन करेंगे।


बैठक में तरसेम गर्ग, परमजीत कोचर, नरेश शर्मा, संजीव शाद, संतोष शर्मा, जितेंद्र जीतू, मनोज शर्मा, प्रणव ग्रोवर, वेद कालड़ा, जयमुनि गोयल, अभय सिंह सूर्या, सुमित अनेजा, प्रवीण गुप्ता, सीए एमएल ग्रोवर, अमित मैहता, सुरजीत सिंह बरजोत, ज्ञानी ज्ञान सिंह, भारत भूषण वधवा, नवीन नागपाल आदि मौजूद रहे।